CrimeLatest

कड़कनाथ मुर्गी पालन योजना में 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी

स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कड़कनाथ मुर्गी पालन योजना में धोखाधड़ी की शिकायत करते हुए मामले की छानबीन की मांग की है। शुक्रवार को शेट्टी खुद मुंबई स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दी। शेट्टी के मुताबिक इसके जरिए किसानों से करीब 500 करोड़ रुपए की ठगी की गई है।

आरोप है कि जिस कंपनी ने यह घोटाला किया है वह कृषि राज्य मंत्री सदाभाऊ खोत के रिश्तेदार की है। हालांकि शेट्टी ने अपनी शिकायत में किसी का नाम नहीं लिखा है और उन्होंने कंपनी के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सांगली में पहले ही एक किसान की शिकायत पर इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। ईडी को दी गई शिकायत के मुताबिक महारयत एग्रो इंडिया प्रायवेट लिमिटेड कंपनी ने कड़कनाथ मुर्गी का पालन करने के नाम पर 10 हजार किसानों को चूना लगाया है।

किसानों को बांड पेपर लिखकर उनसे मोटी कीमत में मुर्गी और अंडे खरीदने का आश्वासन दिया था बदले में उनसे पैसे जमा कराए थे। लेकिन बाद में अंडे और मुर्गी सप्लाई करने वाले किसानों को एक पैसे नहीं दिए गए। शेट्टी के मुताबिक राजनेता के रिश्तेदार और दोस्त होने के चलते कंपनी के अध्यक्ष और निदेशकों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है हालांकि सभी जानते हैं कि इस मामले में दोषी कौन हैं। ईडी को दी गई अपनी शिकायत में शेट्टी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के साथ-साथ उनके राजनेता रिश्तेदार की भी संपत्ति जब्त करने और खाते सील करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *